भोपाल, 13 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पठानकोट एक्सप्रेस में एक महिला को अचेत अवस्था में पाया गया। महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात कही जा रही है। उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक रेल्वे अवधेश गोस्वामी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया है कि मुंबई से अमृतसर जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस में एक महिला के बेहोशी की हालत में पाए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोस्वामी के अनुसार, महिला बांग्लादेश के नूरापारा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया है कि वह शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। वह एक व्यक्ति जीजू के प्रेमजाल में फंसकर मुंबई आ गई थी। जीजू ने उसे एक महिला के साथ रख दिया, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। लेकिन उसका उपचार नहीं कराया गया।
महिला ने रेलवे पुलिस को बताया है कि तबीयत बिगड़ने पर उसके संपर्क में आए एक व्यक्ति ने उपचार कराने का प्रलोभन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसके मित्रों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह बेहोश हो गई और उसे पता नहीं चला कि वह कैसे रेलगाड़ी से भोपाल स्टेशन पहुंची।
गोस्वामी के अनुसारर, ऐसा हो सकता है कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसे यार्ड में खड़ी रेलगाड़ी में डाल दिया होगा और वह यहां तक पहुंच गई। घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर लगी गई है। जांच के लिए पुलिस का एक दल मुंबई के कल्याण भेजा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath