उप्र : फुटबाल खिलाड़ियों को क्रोएशिया देगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

लखनऊ , 14 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फुटबाल खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। क्रोएशिया जल्द ही यहां के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मुहैया करायेगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सरकारी आवास पर क्रोएशिया गणराज्य के राजदूत आमिर मोहर्रमी ने गुरूवार को मुलाकात के दौरान यह प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश व क्रोएशिया के बीच विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग और सम्पर्क बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय भी मौजूद थे।

मुलाकात के दौरान राजदूत मोहर्रमी ने खेल सुविधाओं के विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए इस क्षेत्र में अपने देश के सहयोग की पेशकश की।

उन्होंने प्रस्ताव किया कि प्रदेश के फुटबाल खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण देने के लिए उनका देश राज्य सरकार को सहयोग प्रदान करना चाहता है। मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति जताते हुए खेल विभाग के अधिकायिों को इस सम्बन्ध में आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि फुटबाल जगत में क्रोएशिया की अपनी खास पहचान है। वहां के प्रशिक्षकों से ट्रेनिंग हासिल करने से प्रदेश के युवा फुटबाल खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आएगा।

बैठक के दौरान मोहर्रमी ने प्रदेश के छोटे शहरों में ट्राम के संचालन में अपने देश की ओर से तकनीकी परामर्श एवं सहयोग प्रदान करने का प्रस्ताव भी किया।

उल्लेखनीय है कि क्रोएशिया में अनेक नगरों में ट्राम चलती हैं, जिसके परिणाम स्वरूप इस देश को नगरीय परिवहन की इस सेवा के संचालन का व्यापक अनुभव और दक्षता हासिल है।

राजदूत मोहर्रमी ने मुख्यमंत्री तथा विधान सभा अध्यक्ष को क्रोएशिया गणराज्य की यात्रा के लिए आमंत्रित भी किया। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493