बिहार में होमगार्ड के जवान हड़ताल पर

पटना, 15 मई (आईएएनएस)। बिहार में होमगार्ड के करीब 70 हजार जवान दैनिक भत्ता वृद्घि सहित पांच सूत्री मांग को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल पर चले जाने के बाद जवान अपने हथियारों को शस्त्रागार में जमा करा रहे हैं।

बिहार गृहरक्षा वाहिनी संघ के अध्यक्ष अरुण ठाकुर ने बताया कि हड़ताल पर जाने की घोषणा 11 अप्रैल को ही की गई थी और सरकार की तरफ से उनकी मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद उन्होंने अपनी हड़ताल 14 अप्रैल तक स्थगित कर दी थी।

उन्होंने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी, 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति के समय सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान सहित अन्य कई मांगें शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अगर सरकार उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं करती है तो आगामी 20 मई को राज्यभर में चक्का जाम किया जाएगा तथा 21 मई से जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।

इधर, होमगार्ड के जवानों के हड़ताल पर चले जाने के कारण राज्य की विधि-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव देखा जा रहा है। इनमें से करीब 35 हजार जवान विभिन्न जिलों में विधि व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं जबकि यातायात से लेकर विभिन्न बैंकों की सुरक्षा में भी उनकी सेवाएं ली जाती हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493