सपा सरकार को लाठी लेकर दौड़ाएंगे किसान : अमित शाह

लखनऊ, 15 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर शुक्रवार को जमकर हमला बोला। हाथरस के सिकंदराऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित किसान छह महीने के अंदर सपा सरकार को लाठी लेकर दौड़ाएंगे।

शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने उप्र के किसानों के लिए बहुत धन दिया है। इसके बावजूद प्रदेश में बाप-बेटे (मुलायम-अखिलेश) की सरकार अभी तक पीड़ित किसानों को मुआवजा बांट नहीं पा रही है। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए यूपी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र ने उप्र सरकार को एक बार फिर से किसानों के नुकसान का सर्वे करने को कहा था, लेकिन अभी तक सर्वे की सूची ही नहीं बन पाई है। इससे साफ जाहिर होता है कि अभी तक दोबारा सर्वे नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि यूपी सरकार किसान विरोधी है, जबकि केंद्र सरकार की सभी नीतियां आम आदमी के लिए काफी हितकारी हैं।

जनसभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उप्र में चारों तरफ अराजकता का माहौल है। हर तरफ लूट-खसोट मची हुई है। हर आदमी अपने को ठगा महसूस कर रहा है। दूसरी ओर, प्रदेश सरकार सिर्फ लंबी-चैड़ी बातें करने और लोगों को लुभाने में लगी हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493