चीन में आईसीआईसीआई बैंक की पहली शाखा का उद्घाटन

शंघाई, 16 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चीन में यहां भारत की आईसीआईसीआई बैंक की पहली शाखा का उद्घाटन किया। मोदी चीन के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।

बैंक की शाखा को कामकाज शुरू करने के लिए नियामक की मंजूरी मार्च में मिली थी।

एक बयान में बैंक ने कहा कि भारत से जुड़ी बैंकिंग जरूरतों के मद्देनजर, चीनी बैंकों तथा कॉरपोरेट्स के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए उसने शंघाई में एक प्रतिनिधि कार्यालय की स्थापना की थी, जिसे अब पूर्णत: एक शाखा में अपग्रेड कर दिया गया है।

बैंक के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंदा कोचर ने कहा, “शंघाई में हमारी शाखा भारत तथा चीन के बीच विकसित हो रहे व्यापार व निवेश के मौकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”

यह शाखा चीनी बैंकिंग नियामक आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत काम करेगी।

भारत के सबसे बड़े निजी बैंक आईसीआईसीआई ने कहा कि यह शाखा चीन व अन्य देशों के बीच अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में सहूलियत प्रदान करेगी तथा भारत के बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश करने वाले चीनी कॉरपोरेट्स तथा ईपीसी (इंजीनियरिंग, उत्पादन तथा निर्माण) ठेकेदारों का सहयोग करेगी।

यह शाखा भारतीय संयुक्त उपक्रम तथा चीन में भारतीय कंपनियों के सहायकों के व्यापारिक विस्तार की जरूरतों को पूरा करेगी। इसके अलावा यह चीन द्वारा भारत को भेजी जाने वाली रकम का भी प्रबंधन करेगी।

उद्घाटन समारोह के मौके पर मोदी के साथ कोचर व चीन तथा भारत के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493