मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स से एक अहम मुकाबले में मिली हार के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर जैक्स कैलिस ने कहा है कि जारी संस्करण में मौजूदा चैम्पियन टीम के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही। कैलिस के अनुसार इसी कारण नाइट राइडर्स टूर्नामेंट से बाहर होने के कागार पर खड़े हैं।
रॉयल्स ने ब्रेबोर्न स्टेडियम में शनिवार रात नाइट राइडर्स को नौ रनों से हराया। रॉयल्स की ओर से शेन वाटसन ने 59 गेंदों में नाबाद 104 रनों की पारी खेली। इसकी बदौलत रॉयल्स पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाने में कामयाब रहे। जवाब में नाइट राइडर्स 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 190 रन ही बना सके।
कैलिस ने कहा, “इस सत्र में हमारे प्रदर्शन में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। हमने दूसरी टीमों के मैदान पर भी ज्यादा मैच नहीं जीते। पिछले सत्र में हमारे खेल में एक निरंतरता थी। साथ ही इस सत्र में हमने कुछ ऐसे मैच भी हारे जो हमें नहीं गंवाने चाहिए थे।”
कैलिस ने रॉयल्स के खिलाफ मैच के लिए दिग्गज स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन के स्थान पर अजहर महमूद को टीम में शामिल किए जाने का भी बचाव किया। कैलिस के अनुसार यह मुश्किल फैसला था लेकिन पिच पर ज्यादा घास को देखते हुए टीम ने एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने का फैसला किया।
कैलिस ने रॉयल्स के बल्लेबाज वाटसन की भी तारीफ की और कहा कि उनकी बदौलत प्रतिद्वंद्वी टीम 200 रनों के करीब पहुंच सकी।
कैलिस के अनुसार, नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रयास किया लेकिन बीच के ओवरों में कुछ विकेट गंवाना टीम को महंगा पड़ा।
dharmpath.com dharmpath