कैरेबियाई टीम से चौकन्ना रहने की जरूरत : क्लार्क

सिडनी, 18 मई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के कप्तान माइकल क्लार्क ने अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए अपने खिलाड़ियों से चौकन्ना रहने के लिए कहा है।

समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार क्लार्क ने कहा कि वह कैरेबियाई तेज गेंदबाजों और अपने घेरलू मैदान पर पलटवार करने में सक्षम वेस्टइंडीज टीम से मुकाबले को लेकर चौकस हैं और उन्हें हल्के में नहीं ले रहे।

वेस्टइंडीज दौरे पर रविवार को रवाना होने से पहले क्लार्क ने कहा, “निश्चित तौर पर हम सफल होना चाहते हैं। हालांकि मेरा मानना है कि वेस्टइंडीज के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण मौजूद है। वह किसी भी हालात में गेंद को स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं और उनके पास अच्छे स्पिन गेंदबाज भी हैं।”

टीम के बाकी खिलाड़ी संभवत: सोमवार को वेस्टइंडीज के लिए रवाना होंगे।

क्लार्क के अनुसार, “अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में घरेलू मैदानों से बाहर जीत हासिल करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। वेस्टइंडीज में भी हमें इसी चुनौती का सामना करना होगा।”

वेस्टइंडीज के खिलाफ आस्ट्रेलिया पहला टेस्ट डोमनिका में तीन जून से खेलेगा। दूसरा मैच 11 जून से जमैका में खेला जाना है।

श्रृंखला से पहले आस्ट्रेलियाई टीम 27 मई से वेस्टइंडीज प्रेसिडेंट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493