यमन में हौती समूह के खिलाफ हवाई हमले जारी

सना, 19 मई (आईएएनएस)। यमन में पांच दिनों का संघर्ष-विराम खत्म होने के एक दिन बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के लड़ाकू विमानों ने यहां मंगलवार को शिया हौती समूह तथा पूर्व रिपब्लिकन गार्ड के नियंत्रण वाले इलाकों पर बमबारी की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि लड़ाकू विमानों ने फाज अतन पहाड़ पर हौती तथा पूर्व राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह के वफादार सुरक्षाबलों के मिसाइल डिपो पर हमले किए।

सैन्य सूत्रों के मुताबिक, लड़ाकू विमानों ने पूर्वी सना के नोकम पहाड़ पर हौती के नियंत्रण वाले सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया।

पश्चिम में स्थित शहर अल-होदायदा के निवासियों ने भी हौती के ठिकानों पर हो रहे हवाई हमलों को देखा।

सैन्य सूत्रों के मुताबिक, रविवार को संघर्ष-विराम की अवधि खत्म होने के बाद सऊदी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने दक्षिण में स्थित शहर अदन में शिया हौती समूह के खिलाफ हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए।

लड़ाकू विमानों ने राष्ट्रपति भवन परिसर तथा अदन हवाईअड्डे को भी निशाना बनाया, क्योंकि दोनों स्थान हौती के नियंत्रण में है।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा यमन के लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए पिछले सप्ताह पांच दिनों का संघर्ष-विराम शुरू हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493