नहीं रहीं छोटे पर्दे की प्यारी ‘बा’

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में प्यारी सी ‘बा’ की भूमिका से सबके दिलों में जगह बनाने वाली अभिनेत्री सुधा शिवपुरी नहीं रहीं। अस्पताल से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि उन्होंने बुधवार तड़के अंतिम सांस ली।

अंधेरी पूर्व स्थित क्रिटीकेयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “वह कई दिनों से हमारे अस्पताल में भर्ती थीं। उनका निधन आज अल सुबह हुआ।”

रंगमंच, फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेत्री सुधा (77) काफी समय से बीमार थीं।

एक अन्य सूत्र के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार बुधवार को ओशिवारा के श्मशानघाट में होगा।

सुधा अर्से से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रही थीं। इस वजह से वह छोटे पर्दे से दूरी बनाने को मजबूर हो गईं।

दो दिसंबर, 2013 को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसने उनके मस्तिष्क के निचले हिस्से को प्रभावित किया। दौरा पड़ने के बाद वह ज्यादा बात नहीं कर पाती थीं।

सुधा दिवंगत अभिनेता ओम शिवपुरी की पत्नी हैं, जिनका 1990 के दशक में निधन हो गया था। सुधा के परिवार में बेटा विनीत और बेटी ऋतु है। ऋतु खुद भी एक अभिनेत्री हैं, वह ‘आंखें’ फिल्म में अभिनय कर चुकी हैं।

सुधा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1977 में बासु चटर्जी की फिल्म ‘स्वामी’ से की थी।

उन्होंने ‘इंसाफ का तराजू’, ‘हमारी बहू अल्का’, ‘पिंजर’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। इसके अलावा छोटे पर्दे पर उन्हें ‘रजनी’, ‘क्योंकि..’, ‘कसम से’, ‘किस देश मैं है मेरा दिल’ और ‘मणिबेन डॉट कॉम’ सरीखे धारावाहिकों के लिए जाना जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493