बांग्लादेश दौरे के लिए टीम घोषित, हरभजन की वापसी (लीड-2)

मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। अनुभवी ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह करीब दो साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने में कामयाब रहे। उन्हें अगले महीने बांग्लादेश दौरे पर एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति ने बुधवार को एक बैठक के बाद बांग्लादेश दौरे के लिए भारतीय टेस्ट और एकदिवसीय टीम की घोषणा कर दी।

भारतीय टीम बांग्लादेश में 10 से 24 जून के बीच एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।

घुटने में चोट के कारण पश्चिम बंगाल के तेज गेंदबाज मोहम्मद समी को टीम में शामिल नहीं किया गया है। एकदिवसीय टीम में उनकी जगह धवल कुलकर्णी लेंगे। मुंबई के कुलकर्णी के पास चार अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों का अनुभव है। इन मैचों में वह आठ विकेट हासिल करने में कामयाब रहे।

हरभजन ने भारतीय टीम के लिए आखिरी टेस्ट मैच मार्च-2013 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। हरभजन के पास 101 टेस्ट मैचों का अनुभव है और कुल 413 विकेट उनके नाम हैं। सर्वाधिक विकेट हासिल करने वालों की सूची में वह 10वें स्थान पर हैं।

चयन समिति के अध्यक्ष पाटिल ने बताया, “हरभजन के बारे में हमारे पूर्व के बैठकों में भी चर्चा की गई। बांग्लादेश की बल्लेबाजी काफी मजबूत है। उनके पास कई बाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूद हैं और इसलिए हमने हरभजन को चुनने का फैसला किया। इस बारे में टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली से भी चर्चा की गई और फिर यह फैसला लिया गया।”

सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए संदीप पाटिल की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने किसी सीनियर खिलाड़ी को आराम भी नहीं दिया है।

पाटिल ने यह भी बताया कि बैठक में युवराज सिंह के नाम पर कोई चर्चा नहीं की गई।

विराट कोहली टेस्ट टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि एकदिवसीय टीम की कमान धौनी के हाथों में होगी।

विश्व कप के बाद भारतीय टीम की यह पहली अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला होगी।

भारतीय टीम के नए कोच की नियुक्ति पर बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, “हम अभी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि भारतीय टीम के कोच पद के लिए कौन-कौन से उम्मीदवार हमारे पास उपलब्ध हैं। इसके बाद हम किसी आखिरी फैसले पर पहुंचने में सफल होंगे।”

टीम :

भारतीय टेस्ट टीम : विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कर्ण शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, वरुण एरॉन, इशांत शर्मा।

एकदिवसीय टीम : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, शिखर धवन, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, रविचंद्रन अश्विन, रविद्र जडेजा, अक्षर पटेल, स्टुअर्ट बिन्नी, धवल कुलकर्णी, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहित शर्मा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493