कोलकाता, 20 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बुधवार को नरेंद्र मोदी द्वारा चीन और दक्षिण कोरिया दौरे पर दिए गए उस बयान की निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि लोगों को भारत में जन्म लेने पर शर्म आती थी। पायलट ने कहा कि विदेशी धरती पर पूर्ववर्ती सरकार की आलोचना करना अशोभनीय है।
पायलट ने संवाददाताओं से यहां पर कहा, “विदेशी जमीन पर मोदी के बयान ने बड़े पैमाने पर लोगों को व्यथित किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को भारत में जन्म लेने पर शर्मिदगी महसूस होती थी। एक प्रधानमंत्री पूरे देश का प्रधानमंत्री होता है फिर चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल का हो। विदेशी धरती पर इस तरह का बयान प्रधानमंत्री के लिए अशोभनीय है।”
पायलट ने कहा, “पिछले 11 माह में उन्होंने 19 देशों का दौरा किया है और चुनावी अंदाज में वह विदेशी दौरों पर पूर्ववर्ती सरकार की आलोचना करते रहते हैं। पूर्व में किसी भी प्रधानमंत्री ने विदेशी धरती पर पूर्ववर्ती सरकार पर कभी भी उंगली नहीं उठाई।”
दक्षिण कोरिया में सोमवार को भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि एक समय था जब लोग कहा करते थे कि उन्होंने जरूर कुछ पाप किए होंगे जो उन्हें भारत में जन्म मिला।
dharmpath.com dharmpath