मांड्या (कर्नाटक), 21 मई (आईएएनएस)। भारत के लिए डेविस कप और ओलम्पिक खेल चुके विष्णु वर्धन ने पुरुषों की आईटीएफ फ्यूचर्स मांड्या ओपन टेनिस टूर्नामेंट में गुरुवार को चौथे वरीय शशि कुमार मुकुंद को मात दे दी।
आठवें वरीय वर्धन को अब शीर्ष वरीय फ्रांस के एंटनी एस्कोफियर का सामना करना होगा।
एस्कोफियर ने चीनी ताइपे के जुई चेन जुंग को 7-5, 6-4 से हराया।
पुरुष एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में लखनऊ के रोनित सिंह बिष्ट ने दिल्ली के सिद्धार्थ रावत को दो घंटे 33 मिनट में 6-2, 2-6, 7-6 (4) से हराया।
बिष्ट अब अगले दौर के मुकाबले में तीसरे वरीय करुणोदय सिंह का सामना करेंगे। करुणोदय ने सातवें वरीय विनायक शर्मा कजा को 7-6 (3), 6-4 से हराया।
पुरुष युगल वर्ग में शुक्रवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में अन्वित बेंद्रे और आकाश वाग की दूसरी वरीय जोड़ी शशि कुमार मुकुंद और जुई चेन हुंग की भारतीय-चीनी ताइपे की जोड़ी से भिड़ेगी।
बेंद्रे-वाग की जोड़ी ने हैडिन बावा और तेजस चौकुलकर की जोड़ी को तीन सेटों तक खिंचे सेमीफाइनल मैच में 3-6, 6-3, 10-7 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं हुंग-मुकुंद की जोड़ी ने चंद्रिल सूद और लक्षित सूद की जोड़ी को 6-2, 6-7(5), 10-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath