किंग्सटन (जमैका), 22 मई (आईएएनएस)। पूर्व विश्व चैम्पियन (100 मीटर) फर्राटा धावक योहान ब्लेक ने कहा है कि वह अब पूरी तरह से फिट हो गए हैं, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहते।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार 25 वर्षीय ब्लेक की योजना धीरे-धीरे खुद को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की है।
वह मुख्य रूप से अगले साल ब्राजील में आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए खुद को तैयार करना चाहते हैं।
ब्लेक के प्रतिनिधि क्यूबी सीगोबिन ने बताया, “हम अलग रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। ब्लेक पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं और 100 फीसदी फिट हो गए हैं। अब उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करना है। हम बस थोड़ा और समय ले रहे हैं।”
गौरतलब है कि ब्लेक वर्ष-2011 में तब चर्चा में आए जब उन्होंने दक्षिण कोरिया के डाएगू में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में केवल 21 साल की उम्र में 100 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण खिताब अपने नाम किया।
सबसे युवा विश्व चैम्पियन बने ब्लेक ने उसके बाद 2012 के जमैका नेशनल चैम्पियनशिप में दिग्गज धावक उसेन बोल्ट को भी स्तब्ध किया। कुछ महीनों बाद हालांकि लंदन ओलम्पिक में बोल्ट ने ब्लेक को पीछे छोड़ स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
ब्लेक का करियर हालांकि उसके बाद चोट से बेहद प्रभावित रहा। पिछले साल जुलाई में उन्होंने वापसी की कोशिश की लेकिन हैम्पडन पार्क में आयोजित ग्लासगो ग्रांप्री. के 100 मीटर स्पर्धा से नाम वापस लेने से प्रशंसकों को एक बार फिर निराशा हुई।
अगला विश्व चैम्पियनशिप बीजिंग में 22 से 30 अगस्त के बीच होना है। ब्लेक के इसमें हिस्सा लेने पर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
dharmpath.com dharmpath