5वीं बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बनीं जयललिता (लीड-1)

चेन्नई, 23 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) की महासचिव जे. जयललिता ने शनिवार को पांचवीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राज्यपाल के. रोसैया ने मद्रास यूनिवर्सिटी सेंटीनरी ऑडिटोरिम में आयोजित शपथ-ग्रहण समारोह में 67 वर्षीया जयललिता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राज्यपाल ने मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तमिलनाडु की 14वीं विधानसभा में जयललिता बतौर मुख्यमंत्री 29 सदस्यीय मंत्रिमंडल का नेतृत्व करेंगी।

शपथ ग्रहण के लिए मंच तक पहुंचने से पहले और शपथ-ग्रहण के बाद जयललिता का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया गया। समारोह स्थल खचाखच भरा था। जयललिता के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जिस मार्ग से जयललिता शपथ-ग्रहण समारोह स्थल तक पहुंचीं, वहां सड़क के दोनों ओर लोगों की लंबी कतार देखी गई।

एआईएडीएमके ने वर्ष 2011 में विधानसभा चुनाव जीता था और तब जयललिता मुख्यमंत्री बनी थीं। लेकिन पिछले साल सितंबर में बेंगलुरू की एक अदालत ने उन्हें 18 साल पुराने आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी ठहराया था। अदालत ने उन्हें चार साल कैद की सजा सुनाई थी और उन पर 100 करोड़ रुपये का जुर्माना भी किया था।

बाद में हालांकि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के इस फैसले के खिलाफ जयललिता की अपील स्वीकार करते हुए उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। न्यायालय के आदेश के 15 दिन के भीतर उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

एआईएडीएमके के विधायकों ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें अपना नेता चुना था, जिसके बाद ओ.पन्नीरसेल्वम ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए जयललिता को सरकार बनाने का आमंत्रण दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493