हमने 15 से 20 रन कम बनाए : कोहली

रांची, 23 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के दूसरे क्वालीफायर में चेन्नई सुपरकिंग्स से मिली तीन विकेट की हार के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने माना कि उनकी टीम ने इस अहम मुकाबले में 15 से 20 रन कम बनाए।

कोहली के अनुसार, “मुझे लगता है कि हमने 15 से 20 रन कम जुटाए। इसका श्रेय सुपरकिंग्स के गेंदबाजों को भी जाना चाहिए। वे हमें रोकने में कामयाब रहे। हमारी ओर से दिनेश कार्तिक और सरफराज खान ने जरूर अच्छी बल्लेबाजी की।”

रॉयल चैलेंजर्स ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। जवाब में सुपरकिंग्स ने एक गेंद शेष रहते सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

कोहली ने प्रतिद्वंद्वी टीम की बल्लेबाजी की भी प्रशंसा की और कहा कि सुपरकिंग्स ने अच्छी बल्लेबाजी की।

गौरतलब है कि इस जीत के साथ सुपरकिंग्स आईपीएल-8 के फाइनल में पहुंच गए, जहां उनका मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

रॉयल चैलेंजर्स द्वारा कुछ मौकों पर खराब क्षेत्ररक्षण और कैच छोड़ने के सवाल पर कोहली ने कहा, “छोटे स्कोर वाले मैच हमेशा काफी दिलचस्प होते हैं। सुपरकिंग्स जैसी मजबूत टीम के सामने आपको हर मौके का फायदा उठाना चाहिए। अगर हम मिले कुछ मौकों को भुनाने में सफल होते तो शायद नतीजा दूसरा होता। इसके बावजूद मुझे अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493