मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता सिल्वेस्टर स्टैलोन ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ फिल्म करने की पेशकश की है। स्टैलोन, सलमान की लोकप्रियता से बेहद प्रभावित हैं और माना जा रहा है कि सलमान के समक्ष वह अपनी अगली एक्शन फिल्म ‘एक्सपेंडेबल्स’ में काम करने का प्रस्ताव रख सकते हैं।
स्टैलोन, सलमान के मजाकिया और खुले दिल वाले स्वभाव और अपने प्रशंसकों से खुद को जोड़े रखने के अंदाज से प्रभावित हैं।
स्टैलोन ने माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर सलमान की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, “सलमान, मैं प्रशंसकों के बीच आपकी लोकप्रियता से बेहद प्रभावित हूं। एक एक्शन फिल्म की कामयाबी में आपके प्रशंसकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है, जो आपके समर्थक हैं।”
मारधाड़ वाली फिल्मों के निर्माण और उसमें अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले स्टैलोन ने इससे पहले सलमान को अपनी प्रशंसा के लिए धन्यवाद दिया और साथ में फिल्म करने की पेशकश भी की।
उन्होंने लिखा, “भारतीय सुपरस्टार सलमान खान को उनके प्रशंसा भरे शब्दों के लिए धन्यवाद देता हूं। हमें साथ में एक्शन फिल्म करनी चाहिए।”
दरअसल, सलमान ने शुक्रवार को ट्विटर पर अपने 1.2 करोड़ प्रशंसकों से स्टैलोन को फॉलो करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि स्टैलोन ‘उनके हीरो (सलमान) के हीरो’ हैं।
सलमान ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा था, “अगर किसी को फॉलो करना है? बाहर का..इनको फॉलो करो दसिल्स्टैलोन। आपके हीरो का हीरो सिल्वेस्टर स्टैलोन।”
दोनों सुपरस्टार को किसी एक्शन फिल्म में साथ देखना दिलचस्प तो होगा, लेकिन सवाल यह है कि फिल्म हॉलीवुड एक्शन होगी या बॉलीवुड मसाला!
स्टैलोन वैसे पहले भी बॉलीवुड फिल्म में नजर आ चुके हैं। उन्होंने 2009 में निर्देशक शब्बीर खान की फिल्म ‘कम्बख्त इश्क’ में मेहमान कलाकार की भूमिका निभाई थी।
dharmpath.com dharmpath