पर्रिकर ने नियंत्रण रेखा का दौरा किया

जम्मू, 23 मई (आईएएनएस)। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया।

ऊधमपुर स्थित सेना के उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल एस.डी. गोस्वामी ने आईएएनएस से कहा, “राज्य की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया।”

उन्होंने बताया, “इस दौरान रक्षा मंत्री के साथ सेना प्रमुख जनरल दलबीर सुहाग और उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस. हुड्डा मौजूद रहे।”

गोस्वामी ने कहा, “अग्रिम चौकियों के उनके दौरे के दौरान व्हाइट नाइट कार्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के.एच. सिंह ने रक्षा मंत्री को संपूर्ण सुरक्षा स्थिति के बारे में और आगामी महीनों की रणनीति से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में उन्हें जानकारी दी।”

रक्षा प्रवक्ता ने बताया, “उन्होंने इलाके में तैनात स्थानीय कमांडरों और सैनिकों से भी बातचीत की, जिन्होंने उन्हें (रक्षा मंत्री) नियंत्रण रेखा पर मौजूदा सुरक्षा हालात से अवगत कराया।”

पर्रिकर ने जम्मू क्षेत्र के रिआसी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर का भी दौरा किया। इस दौरान वे मंदिर में पूजा में भी शामिल हुए।

उन्होंने उस्मान क्लब में 26वीं कोर के अधिकारियों के साथ मध्यान्ह में भोजन पर बातचीत की। 26वीं कोर सेना की पश्चिमी कमान के तहत है।

उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को सियाचिन ग्लेशियर का दौरा किया था और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सुरक्षा हालात का जायजा लिया था। एलएसी जम्मू एवं कश्मीर में भारत और चीन को विभाजित करने वाली अस्थायी रेखा है।

उन्होंने श्रीनगर में राज्य के राज्यपाल एन.एन. बोहरा और मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के साथ राज्य की समग्र स्थिति पर चर्चा की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493