छत्तीसगढ़ : जंगल में भटके बच्चे की मौत, जांच के निर्देश

रायपुर, 24 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र के नर्मदापुर खालपारा निवासी एक परिवार के पांच साल का बच्चा जंगल में भटक गया, वहीं उसकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह एक अत्यंत दर्दनाक घटना है, इससे मुझे काफी पीड़ा हुई है।” उन्होंने बच्चे के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है।

मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने और मामले की दंडाधिकारी जांच के निर्देश दिए हैं।

सरगुजा के कलेक्टर ऋतु सेन ने अम्बिकापुर से टेलीफोन पर बताया कि उन्होंने इस घटना की दंडाधिकारी से जांच का आदेश दिए हैं। इसके लिए सीतापुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) एमएस भगत को जांच अधिकारी बनाया गया है।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की आईसीडीएस परियोजना के अधिकारियों को पीड़ित परिवार से तत्काल संपर्क करने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि परिवार के अन्य बच्चों की विभिन्न जरूरतों का पता लगाकर उनकी पूरी मदद की जाए।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के अन्य दो बच्चों को जिला प्रशासन के संरक्षण में एक समाजसेवी संस्था में रखकर उनकी बेहतर देखभाल की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493