जींद (हरियाणा), 24 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि खाप पंचायतें पुरानी परंपराओं का हिस्सा हैं और वे सरकार द्वारा लड़कियों के लिए चलाए जा रहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “खाप पंचायतें पुरानी परंपराओं का हिस्सा हैं और सामाजिक मुद्दों को हल करने में उनकी हमेशा प्रमुख भूमिका रही है।”
जींद जिले के कंडेला गांव में सर्वजातीय कंडेला खाप द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए खट्टर ने कहा कि आज भी खाप पंचायतें जनता की शिकायतों के निवारण के साथ ही भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा, “खाप के खिलाफ हालांकि कई भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं कि वे असंवैधानिक संस्थाएं हैं लेकिन मैं हमेशा से कहता आया हूं कि खाप पंचायतों में हमारे समाज की पुरानी परंपराएं विद्यमान हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाप पंचायतें केवल आदेश ही नहीं देतीं बल्कि लोगों को समझाती भी हैं।
उन्होंने राज्य सरकार की योजना ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ में खाप पंचायत के सहयोग और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
असमय बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को 1,000 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया है।
dharmpath.com dharmpath