नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। उत्तरी दिल्ली के फिल्मिस्तान सिनेमा के नजदीक डीसीएम रेलवे कॉलोनी स्थित आर्य समाज मंदिर को तोड़े जाने से आक्रोशित लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया और पुनर्निर्माण की मांग की। इस दौरान रानी झांसी रोड कुछ घंटों तक जाम रहा।
समूची दिल्ली से आर्य समाज, विश्व हिंदू परिषद तथा अन्य धार्मिक संगठनों के लोगों व वरिष्ठ संतों ने मंदिर को तोड़े जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसके तुरंत पुनर्निर्माण की मांग की। प्रदर्शन से पहले टूटे हुए मंदिर के सामने यज्ञ का आयोजन भी किया गया।
दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने विकास कार्य के दौरान 20 मई को आर्य समाज मंदिर तोड़ने का आदेश दिया था। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर रविंद्र गुप्ता के इस वादे पर प्रदर्शनकारी शांत हुए कि मंदिर के संदर्भ में आर्य समाज जो कहेगा, वही किया जाएगा।
विहिप के प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि मंदिर तोड़े जाने की धृष्टता को हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जब तक मंदिर का फिर से निर्माण नहीं हो जाता, विहिप कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।
dharmpath.com dharmpath