श्रीनगर, 25 मई (आईएएनएस)। कश्मीर में सोमवार को अपेक्षाकृत मौसम ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़कने की वजह से सुबह मौसम ठंडा और सुहाना रहा, आसमान में बादल छाए रहे।
राज्य में शनिवार से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान नीचे आ गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार शाम से मौसम में सुधार का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक, “राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बौछार के साथ हल्की से सामान्य बारिश होगी।”
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां आईएएनएस को बताया, “सोमवार शाम से बारिश में कमी आएगी। मंगलवार सुबह से अगले दो से तीन दिनों के लिए मौसम सामान्य तौर पर सूखा रहेगा।”
अधिकारी ने कहा, “हमें आगे बादल छाने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।”
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य से तीन डिग्री नीचे है।
अधिकारी ने कहा, “पहलगाम में न्यूनतम 6.5 डिग्री और गुलमर्ग में न्यूनतम 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।”
लद्दाख क्षेत्र के लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस और कारगिल में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath