भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीता बहुगुणा जोशी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को सिर्फ सुर्खियां बटोरने वाली सरकार करार दिया है। उनका कहना है कि यह सरकार ‘इवेंट मैनेजमेंट’ की तर्ज पर काम कर रही है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचीं रीता बहुगुणा ने सोमवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार को बने एक वर्ष हो गया है, मगर अच्छे दिन नहीं आए। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी ने अच्छे दिन का वादा किया था, पांच साल में 10 करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी, मगर उनके यह वादे सिर्फ वादे ही रह गए।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार के पास देश को विकास के मार्ग पर ले जाने का कोई ब्लू प्रिंट नहीं है। इतना ही नहीं, इस सरकार के पास आर्थिक दूरदृष्टि और राजस्व संबंधी दिशा भी नहीं है। भाजपा के नेता अरुण शौरी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि यह सरकार आर्थिक तौर पर दिशाहीन है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ नारे को महज छलावा करार दिया। उनका कहना है कि इस नारे के जरिए सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश हो रही है, जबकि औद्योगिक विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। अमेरिका को किए जाने वाले निर्यात में भी गिरावट आई है।
dharmpath.com dharmpath