मोदी चीन के साथ सीमा मुद्दा उठाने वाले पहले प्रधानमंत्री : राजनाथ

कोलकाता, 26 मई (आईएएनएस)। पड़ोसी देशों के साथ सौहार्द्रपूर्ण संबंधों पर जोर देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत ने पाकिस्तान और चीन के साथ सीमा मुद्दों पर मजबूत रुख रखा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने चीन के साथ सीमा मुद्दे को मजबूती से उठाया है।

सिंह ने मोदी सरकार का एक साल पूरा होने पर यहां मीडियाकर्मियों से कहा, “हमारी सरकार पड़ोसी देशों के साथ सौहार्द्रपूर्ण संबंध बनाए रखने के लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन सीमा सुरक्षा के संदर्भ में हमने हमेशा ही कड़ा रुख रखा है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने चीन दौरे के दौरान सभी मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा है। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने चीन के साथ सीमा विवाद को इतनी सख्ती से उठाया है।”

सिंह ने कांग्रेस द्वारा मोदी के चीन दौरे को पूरी तरह असफल बताने के दावों का भी खंडन किया।

उन्होंने कहा, “जो वे कहना चाहते हैं, वे कहेंगे। लेकिन सच्चाई यह है कि हम सीमा मुद्दों पर कड़ा रुख ले रहे हैं, फिर चाहे वह चीन हो या पाकिस्तान।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493