भ्रष्टाचार के आरोप में 2 उपाध्यक्ष सहित फीफा के 7 अधिकारी गिरफ्तार (लीड-3)

ज्यूरिख, 27 मई (आईएएनएस)। स्विस संघीय न्याय कार्यालय के अधिकारियों ने बुधवार को भ्रष्टाचार के आरोप में फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के सात अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें फीफा के दो उपाध्यक्ष भी शामिल हैं।

अमेरिका द्वारा प्रत्यर्पण के अनुरोध के बाद शुक्रवार को अगले अध्यक्ष पद के लिए होने वाले फीफा के अधिवेशन में शामिल होने आए अधिकारियों को स्विट्जरलैंड से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार होने वालों में शामिल दोनों उपाध्यक्षों में एक उरुग्वे फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष यूजेनियो फिगुएरेडो और दूसरे कोंकाकैफ के अध्यक्ष जेफ्री वेब हैं।

अन्य गिरफ्तार अधिकारियों में कोस्टारिका फुचबाल महासंघ के अध्यक्ष और कोनकाकैफ के कार्यकारी सदस्य एडुआडरे ली, ब्राजीलियाई फुटबाल महासंघ (सीबीएफ) के पूर्व अध्यक्ष जोस मारिया मारिन और मध्य अमेरिकी फुटबाल संघ और निकारागुआ फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष जुलियो रोचा शामिल हैं।

गिरफ्तार होने वाले दो अन्य फुटबाल अधिकारी हैं कैमैन आइलैंड फुटबाल संघ के महासचिव और कोनकाकैफ के में वरिष्ठ पदस्थ ब्रिटेन के कोस्तास टक्कास तथा वेनेजुएला फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष राफेल एस्क्विवेल शामिल हैं।

फीफा के छह अधिकारियों को उनके होटल से बुधवार को तड़के गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य अधिकारी को बाद में गिरफ्तार किया गया।

स्विस संघीय न्याय कार्यालय द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार संबद्ध अधिकारियों ने उन स्विस बैंक खातों को भी बंद करने का आदेश दे दिया है, जिनसे रिश्वत के पैसों का लेन-देन होने का संदेह है।

एफओजे ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “अमेरिकी अधिकारियों को गिरफ्तार किए गए फीफा अधिकारियों द्वारा लाखों डॉलर की राशि रिश्वत में लेने का संदेह है।”

ज्यूरिख पुलिस अधिकारी सादी वर्दी में बुधवार को तड़के एक लग्जरी होटल में घुसे, न्यायालय से मिले आदेश को दिखाया और संदिग्ध अधिकारियों के कमरों की चाबियां हासिल कर लीं। अधिकारियों की गिरफ्तारी बिना किसी शोर-शराबे के की गई। गिरफ्तार किए गए फीफा अधिकारियों से बाद में पूछताछ की जाएगी।

एफओजे द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार, रिश्वत लेने के आरोपी अधिकारियों, मीडिया में खेल जगत के प्रतिनिधियों एवं प्रायोजक कंपनियों पर फीफा के प्रतिनिधिमंडल और फीफा से संबद्ध अन्य अधिकारियों को फीफा की योजना के तहत 10 करोड़ डॉलर से अधिक राशि का भुगतान करने में संलिप्त होने का आरोप है।

एफओजे के वक्तव्य में आगे कहा गया है, “ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि इसके बदले में उन्हें दक्षिणी अमेरिका में होने वाले फुटबाल टूर्नामेंट के लिए मीडिया, मार्केटिंग और प्रायोजन के अधिकार दिए गए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493