अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने फीफा अध्यक्ष ब्लाटर को घेरा

वाशिंगटन/लंदन, 28 मई (आईएएनएस)। फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा के सात अधिकारियों की भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया के मीडिया में फीफा अध्यक्ष सेप ब्लाटर से तत्काल इस्तीफा देने की मांगें उठीं।

अमेरिकी न्याय विभाग ने ठगी, रुपयों के लेन-देन में धोखाधड़ी और मनी लांडरिंग मामले में 14 लोगों को आरोपित किया है, तथा अमेरिकी अनुरोध पर स्विस अधिकारियों ने बुधवार को फीफा के सात अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

न्यूयार्क टाइम्स ने गुरुवार को प्रकाशित एक लेख में कहा है, “इस बार फीफा को यह बहाना करने से बचना चाहिए कि समस्या सिर्फ कुछ अधिकारियों तक व्यक्तिगत तौर पर सीमित है।”

लेख में आगे कहा गया है, “पहला कदम उठाते हुए फीफा अध्यक्ष ब्लाटर को हटाना और फीफा को नए सिरे गठित करना होना चाहिए। रूस को विश्व कप-2018 तथा कतर को विश्व कप-2022 की मेजबानी दिए जाने की विस्तार से जांच की जानी चाहिए।”

न्यूयार्क टाइम्स ने तीखा व्यंग्य करते हुए आगे लिखा है, “फीफा हमेशा से अमेरिकी हस्तक्षेप का इच्छुक रहा है। लीजिए, वे सफल हो गए।”

वाशिंगटन पोस्ट में गुरुवार को प्रकाशित संपादकीय में कहा गया है, “फीफा के निर्णयों ने दुनिया के दुर्लभ संसाधनों पर दीर्घकालिक प्रभाव डाला है। इसलिए अटॉर्नी जनरल लोरेटा लिंच ने फीफा अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामले में आरोपित कर ठीक ही किया, जो सराहनीय भी है। फीफा में इस तरह की गड़बड़ियों की लंबे समय से चर्चा हो रही थी। फीफा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का अड्डा बन चुका है।”

वाशिंगटन पोस्ट आगे लिखता है, “ब्लाटर के करियर के यहीं विराम देने का यह बिल्कुल सही समय है, जिन्होंने 1998 से ही फीफा पर कब्जा जमा रखा है और इसके राजस्व का वितरण संभाल रहे हैं।”

एक अन्य अमेरिकी समाचार पत्र वॉल स्ट्रीट जर्नल ने भी अपने संपादकीय में इसे बिल्कुल भी चौंकाने वाली घटना न मानते हुए लिखा है, “फीफा अरबों डॉलर का राजस्व इकट्ठा करने वाला एक वैश्विक संगठन है और अपने साझेदारों या अन्य देशों के संबद्ध सदस्यों के प्रति उसकी कोई जवाबदेही नहीं है। ऐसे में यह पूरा वाकया बिल्कुल भी नहीं चौंकाता।”

ब्रिटेन के दैनिक समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ ने तो इस घटना को फुटबाल की दिशा बदलने वाला करार दिया है। गार्डियन के अनुसार, ब्लाटर रिश्वतखोरी के इस पूरे घोटाले के सर्वेसर्वा हैं।

समाचार पत्र ‘द इंडिपेंडेंट’ ने भी फीफा में मौजूदा भ्रष्टाचार के लिए सीधे-सीधे ब्लाटर पर निशाना साधा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493