पेरिस, 28 मई (आईएएनएस)। स्पेन की उदीयमान महिला टेनिस स्टार गारबाइन मुगुरुजा ने क्ले कोर्ट के एकमात्र ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
मुगुरुजा ने महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर के मुकाबले में इटली की कैमिला गियोर्गी को सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से मात दे दी।
पिछले वर्ष दूसरे दौर में सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स को हराकर सनसनी मचाने वाली मुगुरुजा ने कोर्ट-2 पर हुए दूसरे दौर के मैच में दमदार प्रदर्शन किया।
पिछले वर्ष वह क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थीं।
तीसरे दौर में अब मुगुरुजा को 11वीं वरीय जर्मनी की एंजेलिक केरबर का सामना करना होगा। मुगुरुजा तीन बार केरबर से भिड़ चुकी हैं और तीनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, हालांकि उनमें से कोई भी मैच लाल बजरी पर नहीं खेला गया था।
dharmpath.com dharmpath