इस्लामाबाद, 30 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को स्थानीय चुनावों में महिलाओं के लिए बनाए गए मतदान स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस सन्नाटे का कारण महिलाओं पर लागाया गया अघोषित प्रतिबंध था।
खैबर न्यूज के मुताबिक, महिलाओं के लिए बनाए गए मतदान केंद्र खाली रहे क्योंकि वहां पर न ही मतदान कर्मचारी उपस्थित थे और न ही मतदाता।
खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के विभिन्न इलाकों में मतदान कर्मियों ने स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं के लिए अलग से मतदान स्थल बनाए थे।
गदर, एदम धेराई, तलाश, बंदागाई और बालंबत में राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने कहा था कि वे संयुक्त मतदान केंद्र पर अपने घर की महिलाओं को लाना पसंद नहीं करेंगे। इसके बाद महिलाओं के लिए अलग से मतदान केंद्र बनाए गए थे।
उन्होंने दलील दी थी कि महिलाओं और पुरुषों का एक ही स्थान पर इकट्ठा होना पख्तून परंपरा के खिलाफ है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा प्रयासों के बावजूद ऐसा लगता है कि शनिवार के चुनाव में महिलाएं मतदान नहीं कर सकेंगी। हालांकि जिले के नेताओं ने महिलाओं को मतदान करने के लिए हरी झंडी दी है लेकिन महिलाओं की भागेदारी सुनिश्चित करने के लिए वे अधिक चिंतित नहीं दिखे।
ग्रामीण परिषदीय चुनाव हालांकि किसी दल के झंडे तले नहीं लड़े जा रहे हैं। वहीं तहसील और जिला परिषदों के चुनावों में पार्टियों ने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।
dharmpath.com dharmpath