सिडनी, 30 मई (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त चीन के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी चेन लोंग 750,000 डॉलर इनामी राशि वाले आस्ट्रेलियन ओपन सुपरसीरीज के फाइनल में शनिवार को डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन का सामना करेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, चेन लोंग ने हमवतन तियान हुवेई को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
हुवेई के खिलाफ हालांकि चेन लोंग ने अपनी आदत के विपरीत कई गैरवाजिब गलतियां कीं और हुवेई को दूसरे गेम में थोड़ी वापसी का मौका दे दिया।
लेकिन हुवेई दूसरा गेम जीतकर मैच को संघर्षपूर्ण बना पाते कि चेन लोंग ने जबरदस्त वापसी करते हुए सीधे गेमों में मैच जीत लिया।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में नौवीं विश्व वरीयता प्राप्त एक्सेलसेन ने हमवतन जैन ओर जोर्गेनसेन के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 21-17, 21-15 से जीत हासिल की और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
उधर महिला एकल वर्ग में स्पेन की कैरोलीन मारिन ने दक्षिण कोरिया की सुंग जी ह्यून को सीधे गेम में 21-13, 21-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उनका मुकाबला पांचवीं वरीय चीन की शिजियान वांग से होगा।
शिजियान ने दक्षिण कोरिया की बेई येओन जू को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
dharmpath.com dharmpath