बीजिंग, 2 जून (आईएएनएस)। चीन और पाकिस्तान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार को बीजिंग में मुलाकात की। दोनों देशों के अधिकारियों ने प्रशिक्षण, सैन्य हथियार एवं आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, चीन के केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष फैन चांगलांग ने दौरे पर आए पाकिस्तान के वायुसेना प्रमुख मार्शल सोहेल अमान से मुलाकात की। उन्होंने मुलाकात के दौरान कहा कि चीन की सेना पाकिस्तान के साथ मिलकर सेना से सेना के बीच होने वाले आदान-प्रदान की गति बरकरार रखने और प्रशिक्षण, हथियार एवं आतंकवादरोधी लड़ाई में व्यावहारिक सहयोग को मजबूती देने के लिए काम करने की इच्छुक है।
चांगलांग ने कहा, “चीन और पाकिस्तान ‘जिगरी दोस्त’ बन गए हैं। हमेशा एक-दूसरे का भरोसा एवं सहयोग करते हैं।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों का सैन्य सहयोग क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता में योगदान देगा।
वहीं, पाकिस्तान के वायुसेना प्रमुख ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों का सैन्य सहयोग चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे को एक सुरक्षित एवं महफूज माहौल देगा और उनकी दोस्ती एवं सभी सहयोग को और सुदृढ़ एवं गहरा बनाएगा।
dharmpath.com dharmpath