बर्लिन, 2 जून (आईएएनएस)। जर्मनी की संसद में अश्लील बाल फिल्म और चित्र डाउनलोड करने और उन्हें देखने के आरोपी भारतीय मूल के पूर्व सांसद सेबेस्तियन इडाथी को उनकी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (एसपीडी) ने तीन साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। मीडिया रपटों से मंगलवार को यह जानकारी मिली।
अंतर्राष्ट्रीय प्रसारणकर्ता डॉयचे वेले की रपट के मुताबिक, सेबेस्तियन इडाथी ने पिछले साल बुंडेसटाग (जर्मनी की संसद का निचला सदन) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और 2013 में संसद के लैपटॉप में तस्वीरें और वीडियो पाए जाने के मामले में अदालती कार्यवाही से बचने के लिए मार्च में वे 5000 यूरो का अर्थदंड देने को भी तैयार हो गए थे।
सरकारी अभियोजक ने कहा था कि उनका नाम अश्लील बाल सामग्री उपलब्ध कराने वाली कनाडा की एक कंपनी के जर्मन ग्राहकों की सूची में पाया गया था। यह सूची जर्मनी की संघीय खुफिया सेवा (बीएनडी) को मिली थी।
अपने आदेश में सोमवार को एसपीडी के हनोवर न्यायाधिकरण ने संघीय पक्ष के उस आवेदन को खारिज कर दिया, जिसमें इडाथी की सदस्यता पूरी तरह से रद्द करने की मांग की गई थी। एसपीडी न्यायाधिकरण ने कहा कि उन्होंने पार्टी को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचाया है।
एसपीडी के महासचिव यास्मिन फाहिमी ने सोमवार को कहा कि पार्टी के संघीय कार्यकारी पार्टी के आंतरिक न्यायाधिकरण द्वारा दिए गए फैसले की सावधानी पूर्वक समीक्षा करेंगे।
सेबेस्तियन इडाथी ने हालांकि अपने फेसबुक पृष्ठ पर लिखा कि वह निलंबन के फैसले के खिलाफ अपील करने की तैयारी कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath