उप्र : पेड़ से लटका मिला मृत युवक, हत्या का अंदेशा

पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र टड़ियावां के लालपुर भैसरी निवासी रामेंद्र (20) का शव गांव के बाहर एक खेत में पेड़ से लटकता पाया गया। गले में फंदा उसी की शर्ट से लगी हुई थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।

रामेंद्र के भाई फूलचंद्र ने गांव के ही सात लोगों पर उसके भाई की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि हत्या के बाद आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया है।

फूलचंद्र के मुताबिक, उसके भाई का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब बीस दिन पहले दोनों गांव से चले गए थे। आठ दिन बाद दोनों वापस आए तो दोनों पक्षों में सुलह-समझौता हुआ। लेकिन लड़की वाले मन में रंजिश पाले हुए थे।

उसने आरोप लगाया कि गांव के ध्यानपाल, रामशंकर, लालता प्रसाद, बीरू, गुडील, ओमप्रकाश व ब्रजेश ने मिलकर उसके भाई को गला दबाकर मार दिया और उसकी शर्ट का फंदा बनाकर शव को पेड़ पर लटका दिया।

थानाध्यक्ष रणवीर सिंह ने कहा, “यह मामला आत्महत्या है, मृतक का भाई जो आरोप लगा रहा है, उसमें कोई सच्चाई नहीं लगती, फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493