भोपाल, 5 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने मध्यप्रदेश के जबलपुर और झाबुआ में उर्वरक कारखाने स्थापित करने का ऐलान किया है। इन करखानों में 26 लाख टन यूरिया खाद का उत्पादन होगा, जिसकी लागत 11 हजार करोड़ रुपये होगी। अनंत कुमार ने शुक्रवार को रायसेन जिले के तामोट ग्राम में प्लास्टिक पार्क का शिलान्यास करते हुए यह घोषणा की।
केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने आगे कहा कि तामोट ग्राम में प्लास्टिक पार्क के शुरू होने पर 775 करोड़ लागत की प्लास्टिक इकाइयां स्थापित होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उपयोग होने वाले लगभग चार करोड़ टन बारदाना का उत्पादन भी यहां हो सकेगा।
अनंत कुमार ने कृषि उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश को तीन बार मिले कृषि कर्मण पुरस्कार का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रगति वर्तमान नेतृत्व की इच्छा-शक्ति और किसानों के सक्रिय योगदान से संभव हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 25 लाख मीट्रिक टन यूरिया और अन्य रासायनिक उर्वरकों का अग्रिम भंडारण कर दिया गया है, ताकि किसानों को कोई परेशानी न हो।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने प्लास्टिक पार्क को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि देश में जिन चार राज्य में रासायनिक प्लास्टिक पार्क को मंजूरी मिली है, उनमें मध्यप्रदेश पहला राज्य है, जहां इसकी आधार-शिला रखी गई है। प्लास्टिक पार्क के शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र की प्लास्टिक उत्पाद की मांग पूरी होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्लास्टिक पार्क की स्थापना से इस क्षेत्र की जनता को रोजगार के अवसर मिलेंगे और खेती एवं उद्योग की प्लास्टिक की आवश्यकता पूरी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा साढ़े सात लाख से बढ़कर 36 लाख हेक्टेयर हो गया है।
समारोह में राज्य के गृह मंत्री बाबूलाल गौर, वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार, राजस्व मंत्री रामपाल सिंह, वाणिज्य और उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया तथा पर्यटन राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath