‘देश में नए परिवर्तन का आगाज करेगा कौशल प्रशिक्षण संस्थान’

जयपुर, 6 जून (आईएएनएस)। कौशल प्रशिक्षण संस्थान देश के गांवों को समृद्घशाली बनाएगा व देश में नए परिवर्तन की शुरुआत करेगा। देश गांवों में बसता है एवं कौशल प्रशिक्षण संस्थान का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराना है ताकि गांववासी समृद्घशाली बन अपने ही गांवों में निवास करें व शहरों की तरफ पलायन ना करें।

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने उपर्युक्त विचार कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केन्द्र के उद्घाटन पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारत देश दिल्ली, मुम्बई, कलकता में नहीं बसता अपितु गांव ही हमारे देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि मेवाड़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है परन्तु उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा पाना हमारा सपना था और यह प्रशिक्षण संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा किये जा रहे प्रयासों की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण संस्थान मेवाड़ के हुनर व कला को विश्व बाजार तक पहुंचाएगा। इससे ग्रामवासियों के जीवन स्तर में भी निश्चय ही सुधार होगा। उन्होंने इस कार्य को अंजाम देने के लिए राइट्स लिमिटेड, आईआरएफसी लिमिटेड व विश्वास संस्थान की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राज्य के 15 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने का सपना देखा है। वे इसी प्रकार के कौशल प्रशिक्षण संस्थाओं द्वारा रोजगार अवसर उपलब्ध करा देश के विकास में भागीदारी प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में सरकारी नौकरी हर किसी को मिल पाना संभव नहीं परन्तु रोजगार पैदा कर हर घर में रोजी-रोटी की व्यवस्था कर पाना संभव है। उन्होंने कहा कि यह कौशल प्रशिक्षण संस्थान भविष्य में 75 प्रतिशत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगा।

राइट्स लिमिटेड के सीएमडी राजीव मेहरोत्रा ने कहा कि गांववासियों की तरक्की के लिए कॉपोर्रेट घराने आगे आए हैं एवं विकास की हर जरूरत को पूरा करने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह राजस्थान का पहला प्रोजेक्ट है एवं उम्मीद करते है कि अन्य औद्योगिक कॉपोर्रेट घराने भी भविष्य में अवश्य सहयोग करेंगे।

मेहरोत्रा ने कहा कि इसी प्रकार के सेटेलाइट सेन्टर ग्रामीण क्षेत्रों में भी खुलने चाहिए ताकि उपार्जन बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि बड़े व छोटे शहरों में समान रूप से प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन आदि की कमी रहती है, इस प्रकार का कौशल प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को प्रशिक्षित कर इस क्षेत्र की कमी को पूरा करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493