महान खिलाड़ियों से सजी महान टीम है युवेंतस : नेमार

बर्लिन, 7 जून (आईएएनएस)। चैम्पियंस लीग फाइनल में इटली के क्लब युवेंतस को 3-1 से हराकर इस साल का खिताब जीतने वाले स्पेन के क्लब एफसी बार्सिलोना के फारवर्ड खिलाड़ी नेमार ने इटली के इस क्लब के खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।

बार्सिलोना ने इस जीत के साथ पांचवीं बार चैम्पियंस लीग पर कब्जा जमाया। रविवार को बर्लिन में खेले गए फाइनल मुकाबले में बार्सिलोना के लिए इवान रेकिटिक, लुइस सुआरेज और नेमार ने गोल किए। युवेंतस की ओर से एकमात्र गोल अल्वारो मोराता ने किया।

मैच के बाद नेमार ने युवेंतस के खिलाड़ियों की गुणवत्ता की तारीफ की। स्काई स्पोर्ट ने नेमार के हवाले से लिखा है, “युवेंतस महान खिलाड़ियों से सज्जित महान टीम है। हमने अपना खेल खेला और अंत में विजयी बने। हमारे लिए यह जीत आसान नहीं रही और यह युवेंतस के खिलाड़ियों की गुणवत्ता के कारण ही हो सका।”

नेमार ने इस जीत के बाद कोच और साथियों का धन्यवाद किया और इस खिताब को खिलाड़ियों के परिजनों और प्रशंसकों को समर्पित किया।

चैम्पियंस लीग की खिताबी जीत के जश्न के बाद अब नेमार अपने देश ब्राजील का रुख करेंगे, जहां वह विश्व कप जीतने वाली टीम के कप्तान रहे कोच डूंगा की देखरेख में कोपा अमेरिका कप में हिस्सा लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493