फातुल्लाह टेस्ट : बारिश में धुला दूसरे दिन का खेल (राउंडअप)

फातुल्लाह (बांग्लादेश), 11 जून (आईएएनएस)। खान साहेब उस्मान अली स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश की क्रिकेट टीमों के बीच जारी एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया।

सुबह से हो रही जोरदार बारिश ने मैदान को खेल के लायक नहीं छोड़ा। दोपहर में बारिश हालांकि थम गई लेकिन मैदान की हालत बेहद खराब थी।

खेल के लायक स्थिति कायम करने में घंटों लग जाते। इसी को देखते हुए स्थानीय समयानुसार दोपहर 1.40 बजे मैच रेफरी ने दूसरे दिन का खेल समाप्त करने की घोषणा की।

दूसरे दिन एक भी ओवर नहीं फेंका जा सका। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे शुरू होना था लेकिन उस समय तक तो खिलाड़ी स्टेडियम भी नहीं पहुंचे थे।

दोनों टीमें 10 बजे स्टेडियम पहुंचीं लेकिन उनके इंतजार का लम्बा सफर जारी रहा। बारिश लगातार तेज होती जा रही थी और हर बीतते पल के साथ खेल शुरू होने की उम्मीदें उसमें बहती जा रही थीं।

भारत ने बुधवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 239 रन बना लिए थे।

पहले दिन भी बारिश का आना-जाना लगा रहा, जिसके कारण सिर्फ 56 ओवरों का खेल संभव हो सका था।

दिन के आखिरी पहर में खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया था। उस समय शिखर धवन (नाबाद 150) और मुरली विजय (नाबाद 89) विकेट पर थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493