हंगरी 2024 ओलम्पिक की मेजबानी की दावेदारी करेगा

बुडापेस्ट, 11 जून (आईएएनएस)। हंगरी ओलम्पिक समिति (एचओसी) ने 2024 ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी का फैसला किया है।

समिति ने हंगरी की संसद से कहा है कि वह उसके इस फैसले का समर्थन करे और साथ ही उसने बुडापेस्ट के मेयर इस्तवान तार्लोस को एचओसी के साथ शहर का प्रतिनिधित्व करने और दावेदारी पेश करने को कहा है।

एचओसी ने कहा है कि ओलम्पिक और पैरालम्पिक के आयोजन से देश की वित्तीय स्थिति को फायदा होगा।

ओलम्पिक के लिए जिस मास्टर प्लान पर विचार किया जा रहा है, उसे बुडापेस्ट के दक्षिण में तैयार किया जाएगा और साथ ही दूसरे शहरों में खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ने 2024 खेलों की तारीख की घोषणा कर दी है। ओलम्पिक का आयोजन 19 जुलाई से 4 अगस्त तक होना है।

हंगरी आईओसी के संस्थापक सदस्यों में से एक है। ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने के मामले में वह वैश्विक स्तर पर आठवें स्थान पर है लेकिन उसने अब तक ओलम्पिक की मेजबानी नहीं की है।

2024 ओलम्पिक की मेजबानी की दौड़ में बोस्टन, हैम्बर्ग और रोम शामिल हैं। इसके लिए इस साल 15 सितम्बर तक दावेदारी पेश की जानी है। मेजबान के नाम का चयन 2017 में होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493