गुड़गांव, 12 जून (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली से सटे गुड़गांव में बंदूक के बल पर महिला से दुष्कर्म करने के मामले में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
यहां के पालम विहार इलाके में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पालम विहार पुलिस थाने में गुरुवार रात हबीब अंसारी और उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि हबीब ने उसकी अनुमति के बिना उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और तस्वीरें खींची, जिनको लेकर अब वह धमकी दे रहा है और पैसों की मांग कर रहा है।
दंडाधिकारी के सामने पेश महिला ने हालांकि कहा कि उसके साथ केवल हबीब ने दुष्कर्म किया, जबकि उसके दो रिश्तेदार उसे (पीड़िता) गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर डरा रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “चिकित्सा जांच के बाद महिला को दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां पर उसने बताया कि उसके साथ हबीब अंसारी ने दुष्कर्म किया जबकि उसके दो रिश्तेदारों ने वारदात के बारे में किसी को कुछ बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।”
पुलिस ने कहा कि मूल रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला हबीब दिल्ली के चांद बाग इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था, लेकिन हाल ही में वह पीड़ित महिला के घर के पास किराए के मकान में रहने लगा था।
dharmpath.com dharmpath