मप्र में योग दिवस पर सभी की भागीदारी के प्रयास

भोपाल, 12 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारियां जोरों पर है और राज्य सरकार सभी वर्गो की भागीदारी रहे, इसके प्रयास कर रही है।

राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए योग दिवस की तैयारियों की अधिकारियों से जानकारी हासिल की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 21 जून को प्रदेश में होने वाले योग कार्यक्रमों में समाज के हर वर्ग को भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए। प्रदेश में राजधानी से लेकर पंचायत स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों का व्यवस्थित आयोजन करें। लोगों को योग के लाभों के बारे में जागरूक करें।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर दुनिया के 177 देश ने भारत के प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाने का निर्णय लिया है। अब हम सब की जिम्मेदारी है कि इसका सफल आयोजन करें। जिलों में प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में कार्यक्रम किए जाएं। इसके लिए लोगों को पहले से प्रशिक्षित किया जाए। इसमें स्थानीय योग संस्थाओं की मदद लें। योग के माध्यम से स्वस्थ रहकर अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग किया जा सकता है।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा बताई गई। बताया गया कि पूरे प्रदेश में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम सुबह साढ़े छह बजे से शुरू होगा। इसमें स्कूल-कलेज के छात्र, योग संस्थानों के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट, पुलिसकर्मी, शासकीयकर्मी, नागरिक और जन-प्रतिनिधि शामिल होंगे। पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान और मुख्यमंत्री का संदेश भी प्रसारित होगा। कार्यक्रम सुबह साढ़े छह बजे से शुरू होकर सुबह सात बजकर 35 मिनट पर सम्पन्न होगा। इसमें योग आसन, प्राणायाम, ध्यान और शांति पाठ किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493