सासाराम, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के गोपी बिगहा में अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान अवैध खनन में लगे लोगों ने पुलिस दल पर जमकर पथराव किया। इस हमले में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक शिवदीप लांडे ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस दल ने गोपी बिगहा में अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही क्रशर मशीनों को जैसे ही नष्ट करना शुरू किया, इस धंधे में लगे असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हमले में डेहरी थाना के प्रभारी सुरेश ठाकुर सहित 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लांडे ने बताया कि इस दौरान 42 अवैध क्रशर मशीनों को नष्ट किया गया है तथा चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि आगे भी अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि रोहतास जिले के कई क्षेत्र अवैध खनन के लिए जाने जाते हैं।
dharmpath.com dharmpath