केन्या में अल शबाब के 11 लड़ाके मारे गए

नैरोबी, 14 जून (आईएएनएस)। केन्या के तटीय क्षेत्र में स्थित लामू काउंटी में सेना के एक शिविर पर हमले के दौरान रविवार को कॉकेशियन मूल के दो लड़ाकों सहित अल शबाब के 11 आतंकवादी मारे गए। सेना के एक प्रवक्ता ने मामले की जानकारी दी।

केन्या डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेविड ओबोन्यो ने कहा कि अल शबाब के लड़ाकों ने लामू के बाउरे इलाके में सुबह तड़के सेना के शिविर पर धावा बोल दिया, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की। गोलीबारी के बाद 13 राइफलें, रॉकेट से दागे जाने वाले गोले और कई हल्के हथियार बरामद किए गए।

उन्होंने कहा कि केन्या डिफेंस फोर्स के साथ इस मुठभेड़ में 11 हमलावर मारे गए। केन्या डिफेंस फोर्स के दो सैनिकों की भी मुठभेड़ में मौत हो गई। कई हमलावर घायल अवस्था में सोमालिया के साथ लगी सीमा में स्थित झाड़ियों में भाग गए, जिन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, ओबोन्यो ने एक बयान में कहा, “हमले का जवाब आक्रामक तरीके से दिया गया। हमने इलाके में रहने वाले स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि कोई चिकित्सा सहायता की मांग करे तो इसके बारे में सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित करें।”

अल-कायदा से संबद्ध यह आतंकवादी समूह मूल रूप से सोमालिया का है। 2011 में केन्या ने इसके खिलाफ लड़ाई में अपनी सेना सोमालिया भेजी थी, जिसके बाद से केन्या के तटीय और पूर्वोत्तर के इलाकों में अल शबाब हमले करता रहता है।

आतंकवादियों ने केन्या के गैरिसा काउंटी में एक विश्वविद्यालय में दो अप्रैल को भीषण हमला कर दिया था। इस हमले में 148 लोगों की मौत हो गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493