भाजपा देश के लोगों को धोखा दे रही : लालू

पटना, 15 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के लोगों को धोखा दे रही है। उन्होंने एक बार फिर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से मुख्यमंत्री पद का अपना उम्मीदवार घोषित करने को कहा।

पटना में पटना प्रमंडल के राजद कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में प्रमंडलवार राजद कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जा रही है। इसके बाद जनता दल (युनाइटेड) और राजद कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर केंद्र सरकार की हकीकत बताएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में किए गए सभी वादे अब भाजपा नेताओं के लिए ‘जुमले’ हो गए।

भाजपा को देश के लिए खुजली और दिनाय (चर्मरोग) बताते हुए लालू ने कहा कि कि भाजपा की ‘घर वापसी’ बिहार के विधानसभा चुनाव से शुरू हो जाएगी। लालू ने कहा कि सभी धर्मनिरपेक्ष दलों- राजद-जद (यू), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में गठबंधन तय है, जिससे भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।

उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद शासन को ‘जंगलराज’ बतातकर बिहार के एक खास समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में तरह-तरह के खेल हो रहे हैं।

टिकट बंटवारे को लेकर विवाद होने की आशंका के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी टिकट बंटवारे का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि जो टिकट के सही दावेदार होंगे, उन्हें टिकट दिया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493