नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी को पुर्तगाल जाने के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने में सुषमा स्वराज पर मदद का आरोप लगाते हुए युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के खिलाफ यहां प्रदर्शन किया।
युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह बरार के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग की साथ ही कहा कि इस मामले में उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए।
बरार ने कहा, “सुषमा स्वराज ने ललित मोदी की सहायता की है, इसलिए हम चाहते हैं कि वे अपने पद से इस्तीफा दें। ललित मोदी कानून से बचने के लिए भारत से भागे हैं। सुषमा स्वराज के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज होना चाहिए। हम इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हैं।”
प्रदर्शनकारी नई दिल्ली के कड़ी सुरक्षा वाले इलाके में स्थित तीन मूर्ति भवन के पास एकत्रित हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घर की ओर बढ़ने लगे।
जब उन्हें प्रधानमंत्री के घर की ओर जाने से रोका गया तो उन्होंने रास्ता बदल दिया और सुषमा स्वराज के घर का रुख किया। पुलिस ने दोनों जगहों की ओर जाने वाली सड़कें बंद कर दी और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
बरार ने कहा, “हम 7-आरसीआर (रेसकोर्स रोड) जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।”
सुषमा स्वराज पर हमला करते हुए बरार ने कहा, “अगर वह किसी गरीब व्यक्ति को विदेश भेजने में मानवता के आधार पर उसकी मदद करतीं तो हम उनके प्रयासों की सराहना करते कि उन्होंने कुछ अच्छा काम किया है।”
उन्होंने कहा, “उन्होंने एक अपराधी (ललित मोदी) की सहायता की है, जो कि 1,700 करोड़ रुपये के गबन का आरोपी है। हम राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जयपुर भी जाएंगे।”
ललित मोदी की पत्नी का कैंसर का इलाज पुर्तगाल में चल रहा था, जिसके लिए सुषमा ने उनकी ब्रिटेन से बाहर यात्रा करने में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करने की बात स्वीकार की है, जिसके बाद से विपक्ष उन पर लगातार हमले कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath