नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। जागरण फिल्म फेस्टीवल अपने छठे संस्करण के साथ देश के 17 शहरों की यात्रा के लिए तैयार है। फिल्म फेस्टीवल की शुरुआत दिल्ली से एक जुलाई को हो रही है।
यह पहला ऐसा फिल्म फेस्टीवल है, जिसका आयोजन देशभर के अलग-अलग शहरों में होता है। दिल्ली में पांच दिनों तक चलने वाला जागरण फिल्म फेस्टीवल सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है।
देशभर के 17 शहरों में पूरे फेस्टीवल के दौरान 400 फिल्में दिखाई जाएंगी।
फेस्टीवल के प्रवक्ता ने कहा, “जागरण फिल्म फेस्टीवल का छठा संस्करण हमारे अपने मानकों को और आगे ले जाने का प्रसास है। यह एक ऐसा फिल्म फेस्टीवल है, जिसमें न सिर्फ भारत और दुनियाभर की बेहतरीन फिल्में दिखाई जाती हैं, कहानियों की खोज और फिल्मों के निर्माण का जज्बा रखने वालों पर भी यह खासा प्रभाव छोड़ता है।”
फिल्मोत्सव के दौरान भारतीय फीचर, टॉप शॉर्ट्स, जागरण शॉर्ट्स, सिनेमा फॉर द सेलर्स और डेब्यू डायरेक्टर्स जैसी कई श्रेणियों में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जागरण फिल्म फेस्टीवल 2015 दिल्ली से शुरू होकर, कानपुर, लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, आगरा, मेरठ, देहरादून, हिसार, लुधियाना, पटना, रांची, जमशेदपुर, रायपुर, इंदौर और भोपाल होते हुए मुंबई में संपन्न होगा।
dharmpath.com dharmpath