मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। जाने-माने रैपर रफ्तार डांस रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा 8’ में अपनी डांस प्रतिभा दिखाएंगे। वह कहते हैं कि लोग उनसे ढेर सारे मनोरंजन की उम्मीद कर सकते हैं।
बकौल रफ्तार, संगीत करियर पर ध्यान देते समय अपने नृत्य कौशल को नजरअंदाज नहीं किया।
रफ्तार का असली नाम दिलीन नायर है। वह 2012 में अपने सफल एकल गीत ‘बोटल’ से सुर्खियों में आए। उसके बाद ‘तमंचे पे डिस्को’, ‘विसल बजा’, ‘स्वाग मेर देसी है’ और ‘देसी हिप हॉप’ जैसे गाने गाए।
रफ्तार ने एक बयान में कहा, “मैंने अपने करियर की शुरुआत ‘डांस इंडिया डांस’ पर एक प्रतिभागी के रूप में डांस कर की। मेरा मानना है कि आपको बेहतरीन परफॉर्मर बनने के लिए अन्य प्रतिभाओं की भी जरूरत होती है। इसलिए गायकी जारी रखने के दौरान मैंने कभी अपने नृत्य कौशल को निखारना बंद नहीं किया।”
जुलाई में कलर्स पर प्रसारित होने जा रहे ‘झलक दिखला जा’ में अभिनेत्री शमिता शेट्टी, विवियन डीसेना, राधिका मदन, कविता कौशिक, सनाया ईरानी, दीपिका सैमसन, आशीष चौधरी, मोहित मलिक, स्कारलेट मेलिश विल्सन और फैसल खान भी नजर आएंगे।
dharmpath.com dharmpath