पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या 80000 होगी

कोलकाता, 20 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए इस साल राज्य के सरकारी अस्पतालों में 17,000 बिस्तर बढ़ाने का फैसला किया है। मौजूदा समय में राज्य के सरकारी अस्पतालों में 63,000 बिस्तर हैं।

राज्य के स्वास्थ्य सचिव मलय डे ने सीआईआई द्वारा यहां आयोजित एक कार्यक्रम से अलग कहा, “2015-16 के दौरान हम 17,000 अन्य बिस्तर जोड़ेंगे, जिनकी कुल लागत 2,600 करोड़ रुपये आएगी।”

इसके साथ ही राज्य के अस्पतालों में बिस्तरों की कुल संख्या 80,000 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में 34 मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इनमें से एक अस्पताल का काम अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा और छह अन्य अस्पताल 2016-17 के दौरान स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त राज्य सरकार यहां कैंसर के उपचार के लिए मौजूद सुविधाओं में सुधार पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।

उन्होंने कहा, “कैंसर के उपचार की सुविधाओं में सुधार लाने के लिए 250 करोड़ रुपये के अतिरिक्त खर्च की जरूरत पड़ेगी।”

सरकार सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में लीनियर एक्सीलरेटर खरीदेगी, जिनका इस्तेमाल रेडियोथेरेपी के लिए किया जाएगा। सरकार ने सिंगापुर के एक स्वास्थ्य सेवा संस्थान के साथ करार किया है, जो सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों की सहायता करेगा और उन्हें प्रशिक्षण देगा।

डे ने कहा कि राज्य में हर साल 1.2 करोड़ मरीज बाहरी राज्यों से आते हैं।

इसके अतिरिक्त अधिकारी ने कहा कि राज्य में कई बीमारियों को नियंत्रित कर लिया गया है, और उनमें से कुछ का जल्द ही राज्य से उन्मूलन कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “कालाजार, फाइलेरिया और कुष्ठ रोग का राज्य से जल्द ही उन्मूलन हो जाएगा, जबकि मलेरिया और डेंगू पर नियंत्रण पा लिया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493