योग एक-दूसरे से जोड़ने की प्रक्रिया : राजनाथ

लखनऊ , 21 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लाखों लोगों ने निरोग रहने का संकल्प लिया। राजधानी लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री तथा लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने के डी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित योग शिविर में भाग लिया।

राज्यभर में कई केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों ने अलग-अलग स्थानों पर लोगों के साथ योग किया।

राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि योग लोगों को एक दूसरे से जोड़ने की एक प्रक्रिया है। इस वर्ष विश्व के कई देशों में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। योग समाज से समाज को जोड़ता है।

उन्होंने कहा, “हमारे देश में पुरातन समय से ही इस विधा को पहचान हासिल है। हमारे देश की चिकित्सा पद्घति आयुर्वेद को अभी तक 151 देशों ने मान्यता दी है और अपनाया है।”

लखनऊ में के डी सिंह बाबू स्टेडियम में राजनाथ सिंह के साथ पूर्व सांसद लालजी टंडन भी मौजूद थे।

इस बीच उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने लखनऊ के स्वर्ण जयंती पार्क में आयोजित योग शिविर में भाग लिया। राजधानी के लोहिया पार्क, जनेश्वर मिश्र पार्क तथा गोमती नगर व इंदिरा नगर में जगह-जगह पर योग शिविर आयोजित किए गए।

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र वाराणसी में तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी मेरठ में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में योग दिवस की धूम रही। यहां भारत माता मंदिर के साथ बनारस हिंदू विश्वविद्यालय तथा अस्सीघाट पर लोगों ने योग किया। योग शिविर में मंत्री कलराज मिश्र भी मौजूद रहे।

नोएडा स्टेडियम में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन मंत्री तथा नोएडा से सांसद महेश शर्मा ने भी हजारों लोगों के साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। शर्मा ने इस मौके पर कहा कि योग से मन की शांति मिलती है।

गाजियाबाद में केंद्रीय मंत्री वी. के. सिंह ने आईटीएस कालेज के मैदान में लगे योग शिविर में भाग लिया।

फैजाबाद के स्पोर्ट्स स्टेडियम में पंतजलि योग पीठ ने योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। बांदा में जीआईसी मैदान में योग शिविर लगाया गया।

आगरा में योग दिवस पर पार्को में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। आगरा कालेज ग्राउंड पर भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर मुख्य अतिथि थे।

वहीं, आगरा केंद्रीय कारागार में छह सौ से अधिक कैदियों ने एक साथ योग किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493