गॉल (श्रीलंका), 21 जून (आईएएनएस)। यासिर शाह (76/7) की घातक गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने रविवार को गॉल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 10 विकेट से हरा दिया।
चौथे दिन के दो विकेट के नुकसान पर 63 रनों से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम आखिरी दिन 206 रनों पर सिमट गई और पाकिस्तान को 90 रनों का आसान लक्ष्य मिला। पाकिस्तान सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हाफिज (46 नाबाद) और अहमद शहजाद (43 नाबाद) ने केवल 11.2 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
इससे पूर्व, यासिर की फिरकी ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को हथियार डालने पर मजबूर किया। श्रीलंका को दिन का पहला झटका यासिर ने नाइट वॉचमैच दिलरुवान परेरा (0) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद दिमुथ करुणारत्ने (79) और लाहिरु थिरिमाने (44) ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की।
वहाब रियाज ने थिरिमाने को यूनिस खान के हाथों कैच करा कर श्रीलंका को चौथा झटका दिया।
थिरिमाने के पवेलियन लौटने के साथ ही श्रीलंकाई विकेटों का पतन शुरू हो गया और यासिर ने इसमें सबसे अहम भूमिका निभाई। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (5) और करुणारत्ने यासिर के अगले शिकार हुए।
इसके बाद दिनेश चांडीमल (38) ने थोड़ा संघर्ष जरूर दिखाया लेकिन उन्हें निचले क्रम के किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। चांडीमल आखिरी बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। उनका विकेट भी यासिर शाह ने लिया। श्रीलंका ने अपने आखिरी सात विकेट केवल 74 रनों के अंदर गंवाए।
श्रीलंका की दूसरी पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाते हुए वहाब ने भी दो और जुल्फिकार बाबर ने एक विकेट हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका ने पहली पारी में 300 रन बनाए थे जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 417 रन बनाते हुए पहली पारी के आधार पर 117 रनों की बढ़त हासिल की।
इस जीत के साथ श्रीलंका अब तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे हो गया है।
dharmpath.com dharmpath