हैदराबाद/विजयवाड़ा, 21 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े जोशखरोश के साथ मनाया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने हैदराबाद में योग दिवस कार्यक्रम की अगुवाई की।
दोनों तेलुगू भाषी राज्यों में लोगों ने योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
नड्डा, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारु दत्तात्रेय और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने संजीवैया पार्क में योग किया।
दत्तात्रेय ने गछीबाउली स्टेडियम में भी आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम में शिरकत की। विभिन्न सूचना-प्रौद्योगिकी कंपनियों में काम करने वाले पेशेवर सॉफ्टवेयर कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश के संयुक्त राज्यपाल ई. एस. एल. नरसिम्हा ने राजभवन में पत्नी विमला नरसिम्हन और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगासन किया।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) शासित तेलंगाना में राज्य स्वास्थ्य मंत्री सी लक्ष्मा रेड्डी ने हैदराबाद स्थित कोटा विजया भास्कर रेड्डी इंडोर स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
हैदराबाद और सिकंदराबाद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सेना के जवानों और एनसीसी कैडेट ने हिस्सा लिया। सिकंदराबाद के गोलकुंडा सैन्य शिविर में सेना के जवानों और अधिकारियों ने भारतीय योग संस्थान के विशेषज्ञों की अगुवाई में योगासन किया।
स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर अजय सिंह नेगी ने कहा कि योग सिर्फ व्यायाम नहीं है, बल्कि अपने भीतर, विश्व और प्रकृति के बीच एकत्व की खोज का तरीका है।
आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में आयोजित योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग को अलग से 25 करोड़ रुपये का कोष जारी करने की घोषणा की।
आंध्रप्रदेश के तिरुपति, विशाखापत्तनम, कुरनूल, कडप्पा, अनंतपुर सहित कई स्थानों पर मंत्रियों और अधिकारियों ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
dharmpath.com dharmpath