मप्र : पत्रकार की हत्या, आरोपी पर 30 हजार रुपये इनाम (लीड-1)

बालाघाट, 22 जून(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक पत्रकार को अगवा कर जिंदा जलाकर मारने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शव को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के जंगल से बरामद किया गया है। पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मानकर चल रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक फरार आरोपी पर पुलिस ने 30 हजार रुपये इनाम घोषित किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कटंगी क्षेत्र से शुक्रवार देर शाम पत्रकार संदीप कोठारी (28) को कार सवार लोगों ने अगवा कर लिया था। संदीप अपने एक मित्र के साथ मोटर साइकिल से थे। आरोपियों ने संदीप के मित्र की जमकर पिटाई की थी और उसे मौके पर ही छोड़ दिया था।

बालाघाट परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी. सी. सागर ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि कोठारी के अपहरण की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया और दो संदिग्धों -विशाल तांडी और ब्रजेश डहरवाल- को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपहरण के बाद जलाकर मारने की बात स्वीकारी।

सागर के मुताबिक, वर्धा पुलिस रेलवे पटरी के पास से शव पहले ही शनिवार को बरामद कर चुकी थी और उसके लिए मृतक अज्ञात था। बालाघाट पुलिस ने वर्धा पहुंचकर कोठारी का शव बरामद कर लिया है, जो सोमवार को उनके घर पहुंच गया है। हत्या की मुख्य वजह की पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया है कि कोठारी तीन वर्ष पूर्व एक दैनिक समाचार पत्र में काम करते थे। वर्तमान में भी वह लेखन कार्य कर रहे थे। आरोपियों का चिटफंड, खनन सहित अन्य कारोबार है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कोठारी इन आरोपियों की गतिविधियों के खिलाफ समाचार लिखते रहे हैं।

जबकि पुलिस महानिरीक्षक सागर का कहना है कि “यह हत्या समाचार लेखन को लेकर नहीं है। कुछ वर्ष पूर्व जरूर दोनों के बीच खबर लिखने को लेकर विवाद हुआ था। कोठारी के खिलाफ भी मामले दर्ज हैं और उनके खिलाफ जिलाबदर जैसी कार्रवाई भी हुई है।”

सागर ने आगे बताया कि हत्याकांड में कथित तौर पर लिप्त रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं एक आरोपी राकेश नर्सवानी फरार है। फरार आरोपी राकेश पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस हत्या की वजह आपसी लेन-देन को मान रही है।

पत्रकार की हत्या को लेकर राज्य के पत्रकार समुदाय में रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने इस जघन्य घटना की न केवल निंदा की है, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जाहिर की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493