भोपाल, 22 जून(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पत्रकार संदीप कोठारी की हत्या के मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने तीन विधायकों की समिति बनाई है। यह जांच समिति सप्ताह भर में अपनी रपट विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को सौंपेगी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के सत्यदेव कटारे ने पत्रकार की हत्या को जघन्य अपराध करार दिया है।
कटारे ने इस घटना की जांच के लिए विधायक मधु भगत के नेतृत्व में पार्टी के तीन विधायकों की समिति बनाई है। भगत के अलावा समिति में हिना कांवरे व संजय उइके शामिल हैं।
यह जांच समिति एक सप्ताह में अपनी जांच रपट कटारे को सौंपेगी। विधायकों की जांच रपट को कांग्रेस अपनी अनुशंसा के साथ राज्य सरकार को भेजेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य के बालाघाट जिले में पत्रकार संदीप कोठारी (28) का अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव महाराष्ट्र के वर्धा जिले में रेल पटरी के पास से जली हुई हालत में बरामद कर लिया है।
बालाघाट परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी.सी. सागर ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक आरोपी फरार है, जिस पर पुलिस ने 30 हजार रुपये इनाम घोषित किए हैं।
dharmpath.com dharmpath